कहो दिल से वसुंधरा फिर से के नारे लगे
पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के जोधपुर दौरे से रवानगी से पहले सर्किट हाउस में उनका ज़ोरदार स्वागत-अभिनन्दन हुआ। कार्यकर्ताओं ने वसुंधरा राजे का फूल माला, गुलदस्ते तथा तस्वीरें देकर स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित भी किया। उन्होंने कहा वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में कार्यकर्ताओं को अभी से एकजुट होकर जोश के साथ चुनाव के लिए शुरुआत करनी होगी। राजे ने भी सभी कार्यकर्ताओं से पार्टी को सत्ता में लाने के लिए एकजुट होने का आह्वान किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने भी उनके समर्थन में कहो दिल से वसुंधरा फिर से के नारे लगाए। बता दें कि वसुंधरा गुरुवार को केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत की मां के निधन पर उनके घर शोक व्यक्त करने गई थी। साथ ही पूर्व केबिनेट मंत्री मदेरणा के निधन पर उनके पैतृक निवास चाडी पहुंचकर विधायक दिव्या मदेरणा व उनके परिवार से मिल कर संवेदनाएं प्रेषित की। वसुंधरा चाडी से वापस आकर सर्किट हाउस में रूकी। वसुंधरा के जोधपुर दौरे से साफ नजर आया कि वह आगामी चुनाव की तैयारी में जुट चुकी है।
बरकरार है वसुंधरा राजे का क्रेज
पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का राजस्थान में अभी तक जलवा बरकरार है। जोधपुर दौरे पर आई पूर्व मुख्यमंत्री से मिलने उमड़े छोटे कार्यकर्ता से लेकर बड़े नेताओं के जमावड़े ने दर्शा दिया कि प्रदेश में भाजपा की सबसे बड़ी नेता वे ही है। वसुंधरा से मिलने की होड़ से जाहिर हो रहा था कि पार्टीजन में उन्हें लेकर किस कदर क्रेज बना हुआ है। इधर इस बार वसुंधरा राजे भी पूरी तरह से बदली हुई नजर आ रही थी। सर्किट हाउस में सोफे पर बैठ उन्होंने सभी से दिल खोलकर मुलाकात की। उन्होंने किसी को नाम लेकर बुलाया तो किसी को पास बुला हाल पूछे। वसुंधरा में नजर आए इस बदलाव ने कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ा दिया। उत्साह से लबरेज कार्यकर्ताओं ने दिल खोल उनके समर्थन में जमकर नारेबाजी की।